नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से एक दिन पहले शुक्रवार को मध्य दिल्ली में करीब 200 लोग एकत्र हुए और पिछले प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमलों तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल की निंदा की। प्रदर्शनकारी ‘लाल हिट जनता पार्टी’ के आह्वान पर जनपथ पर एकत्र हुए थे। इस संगठन का नाम कीट नियंत्रण के एक लोकप्रिय ब्रांड पर रखा गया है, जिसे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नाम के व्यंग्यात्मक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
संगठन के प्रतिनिधि अयान भटनागर ने कहा, ‘‘अगर कोई किसी बाहरी व्यक्ति व्यक्ति के लिए भी अपशब्द कहता है तो हम उसे रोकने की कोशिश करते हैं। प्रधानमंत्री हमारे परिवार का हिस्सा हैं और उनके खिलाफ ऐसी का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। हमारे नायकों, जवानों और दिल्ली पुलिस के कर्मियों को अपशब्द कहना बंद होना चाहिए।
इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि व्यवस्था में बदलाव की मांग करने वालों का विरोध जताने का मौजूदा तरीका उचित नहीं है। कॉजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। कुमार पर आरोप है कि उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में उनमें हेरफेर किया और मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण प्रपत्र-6 में बदलाव करते समय निर्वाचन आयोग के अन्य दो सदस्यों को दरकिनार किया।
कॉजपा और कई अन्य छात्र संगठनों ने आरोप लगाया है कि कुमार की निगरानी में एसआईआर के दौरान देशभर में लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटा दिए गए। कॉजपा का यह प्रदर्शन विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के नेताओं द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ लगातार तीन दिन तक किए गए विरोध प्रदर्शनों के बाद होगा। इन प्रदर्शनों के दौरान मध्य दिल्ली में जनजीवन लगभग ठप हो गया था।
बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए थे और प्रमुख सड़कों पर अवरोधक लगाए गए थे।
