ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 में सोमवार देर रात एक दुखद हादसा हो गया। यहाँ स्थित ‘आईएलजीआईएम’ (ILGIM) कंपनी की इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली इकाई में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में आग बुझाने के दौरान फैक्टरी की दीवार और लोहे का बीम गिरने से दो दमकलकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 में स्थित आईएलजीआईएम कंपनी की है।
इसे भी पढ़ें: Noida Fire: इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्टरी में आग बुझाते समय दीवार गिरी, दो दमकलकर्मियों की मौत
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आग बुझाने के दौरान फैक्टरी परिसर की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया और इसकी चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दमकलकर्मी रोहित यादव और तीरथपाल सिंह ने दम तोड़ दिया।
प्रवक्ता ने बताया कि घायल दमकलकर्मियों राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार की हालत खतरे से बाहर है तथा उनका उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौजूद है।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: Allahabad High Court ने विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा पर जताई चिंता, मांगा जवाब
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकलकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्तव्यों का पालन करते हुए अपनी जान गंवाने वाले दोनों जवानों की शहादत से दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है।
