लीप इंडिया लिमिटेड का शेयर अपने निर्गम मूल्य 159 रुपये से चार प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ शुक्रवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर शेयर ने 166 रुपये पर शुरुआत की जो निर्गम मूल्य से 4.40 प्रतिशत अधिक है। एनएसई पर शेयर 4.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 165.90 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण 6,530.95 करोड़ रुपये रहा। आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी परिसंपत्तियां साझा करने वाली कंपनी लीप इंडिया लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के अंतिम दिन 8.38 गुना अभिदान मिला था। इस 2,480 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 151-159 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
नए शेयर के निर्गम से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कंपनी के कुछ कर्जों के पुनर्भुगतान या समय से पहले भुगतान के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल कार्यशील पूंजी संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।
