राजस्थान के कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में ईसीजी के एक तकनीशियन की मौत के संबंध में अस्पताल के अधीक्षक और नर्सिंग स्टाफ के दो कर्मचारियों के खिलाफ उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जांच को देखते हुए सरकारी अस्पताल में उन्हें उनके पदों से भी हटा दिया गया।
प्राथमिकी दर्ज होने और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद मृतक तकनीशियन सतीश कुमार चंडासी (38) के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने की सहमति दे दी। परिजनों ने इससे पहले पोस्टमार्टम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया था। जेके लोन अस्पताल, न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से संबद्ध है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर चंडासी का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने बताया कि कोटा की महात्मा गांधी कॉलोनी स्थित उनके घर से मिले एक सुसाइड नोट में अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उनका करियर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। नोट में यह भी लिखा था कि उनसे अस्पताल में लगातार 13 दिन काम कराया गया।
पुलिस ने बताया कि तकनीशियन अवसाद का इलाज भी करा रहे थे। परिजनों की शिकायत के आधार पर रेलवे कॉलोनी थाने ने शुक्रवार देर रात अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल बैरवा और नर्सिंग प्रभारी नवीन शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया कि तीनों के खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम की धारा तीन के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
जांच को देखते हुए डॉ. निर्मला शर्मा, मोहनलाल बैरवा और नवीन शर्मा को उनके पदों से हटा दिया गया। अस्पताल के नये अधीक्षक के रूप में उपाधीक्षक डॉ. अमित जोशी को नियुक्त किया गया है।
