महानदी कोलफील्ड्स का यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री के लिए ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के रूप में आएगा। इसके तहत कोल इंडिया अपनी सहायक कंपनी के 66.18 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेगी। महानदी कोलफील्ड्स में कोल इंडिया की पूरी हिस्सेदारी है और वही इसकी प्रवर्तक कंपनी भी है। इस निर्गम के जरिए महानदी कोलफील्ड्स को कोई नई पूंजी नहीं मिलेगी। शेयरों की बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम, निर्गम से जुड़े खर्च और लागू करों की कटौती के बाद, कोल इंडिया को जाएगी।
बता दें कि महानदी कोलफील्ड्स ने सितंबर में आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज दाखिल किए थे। अब आरएचपी जमा होने के साथ कंपनी की बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी आगे बढ़ी है। हालांकि, कंपनी ने अभी निर्गम खुलने की तारीख, शेयरों का मूल्य दायरा और अन्य जरूरी विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं। इन जानकारियों का इंतजार निवेशकों को रहेगा।
इस निर्गम के लिए एसबीआई कैपिटल मार्केट्स, एक्सिस कैपिटल, बैंक ऑफ बड़ौदा कैपिटल मार्केट्स, आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज को मुख्य प्रबंधक बनाया गया है। वहीं, केफिन टेक्नोलॉजीज निर्गम के पंजीयक की जिम्मेदारी संभालेगी।
गौरतलब है कि महानदी कोलफील्ड्स देश की प्रमुख कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल है। इसका परिचालन मुख्य रूप से ओडिशा में है। कंपनी के पास खुली खदानों और भूमिगत खदानों का बड़ा नेटवर्क है। तलचर और आईबी घाटी इसके प्रमुख कोयला क्षेत्र हैं। यहां से बिजली संयंत्रों, इस्पात कारखानों, सीमेंट कंपनियों और दूसरे औद्योगिक उपभोक्ताओं को कोयले की आपूर्ति की जाती है।
कंपनी के उत्पादन के आंकड़े भी इसकी बड़ी परिचालन क्षमता दिखाते हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में महानदी कोलफील्ड्स ने 225.17 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया, जो उसका अब तक का सबसे अधिक उत्पादन है। यह 225 मिलियन टन के सालाना लक्ष्य से भी थोड़ा ज्यादा रहा। इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने 206.1 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था। वित्त वर्ष 2024-25 में कोयले की ढुलाई भी बढ़कर रिकॉर्ड 210.45 मिलियन टन पर पहुंच गई।
हालांकि, उत्पादन में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी की कुल बिक्री और मुनाफे में पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले कमी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की सकल कोयला बिक्री 36,606 करोड़ रुपये रही, जबकि इससे पिछले साल यह 37,200 करोड़ रुपये थी। इसी तरह कर चुकाने के बाद मुनाफा 10,823 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 11,845 करोड़ रुपये से कम है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, कंपनी की कुल संपत्ति का मूल्य वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 18,279 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 16,106 करोड़ रुपये था। कंपनी ने इस दौरान 8,600 करोड़ रुपये का लाभांश भी बांटा।
इस आईपीओ से कोल इंडिया को अपनी लाभ कमाने वाली सहायक कंपनी में हिस्सेदारी बेचकर निवेश का मूल्य हासिल करने का मौका मिलेगा। वहीं, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद निवेशक सीधे महानदी कोलफील्ड्स के कारोबार और उसके वित्तीय प्रदर्शन में हिस्सेदारी खरीद सकेंगे।
