भारत के विदेशी कारोबार के लिए अक्टूबर का महीना काफी अहम रहा है। देश का वस्तुओं का निर्यात 45.1% बढ़कर 49.47 अरब डॉलर पहुंच गया। पिछले 5 वर्षों में किसी एक महीने में दर्ज की गई यह सबसे तेज बढ़ोतरी है। हालांकि, निर्यात के साथ आयात में भी बड़ी तेजी आई, जिसके कारण देश का व्यापार घाटा बढ़कर 39.88 अरब डॉलर हो गया। इसकी प्रमुख वजह सोने की खरीद और ऊर्जा की बढ़ती कीमतें बताई जा रही हैं।
व्यापार से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली संस्था जीटीआरआई के मुताबिक, अक्टूबर में निर्यात में हुई कुल बढ़ोतरी का करीब 83% हिस्सा 5 प्रमुख क्षेत्रों से आया। इनमें इंजीनियरिंग सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रत्न एवं आभूषण और जैविक व अजैविक रसायन शामिल हैं। संस्था का कहना है कि इन क्षेत्रों में उत्पादन के लिए आयातित कच्चे माल और दूसरे सामानों पर काफी निर्भरता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में वस्तुओं और कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से निर्यात का डॉलर मूल्य भी ऊपर गया है। इसका असर खासकर पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में देखने को मिला।
निर्यात के मामले में अमेरिका और सिंगापुर जैसे बाजारों से भी अच्छी मांग मिली। अक्टूबर में अमेरिका को होने वाले निर्यात में 48% और सिंगापुर को होने वाले निर्यात में 169% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे भारतीय सामानों की अंतरराष्ट्रीय मांग में मजबूती का संकेत मिला है।
दूसरी तरफ, आयात के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले रहे। अक्टूबर में पेट्रोलियम उत्पादों के आयात मूल्य में 57%, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के हिस्सों में 50%, कच्चे हीरों में 63.6% और जैविक व अजैविक रसायनों में 36.2% की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा दिवाली से पहले सोने की खरीद में भी तेजी आई। अक्टूबर में सोने का आयात बढ़कर 5.51 अरब डॉलर हो गया, जबकि सितंबर में यह 1.8 अरब डॉलर था। यानी एक महीने में सोने का आयात 3 गुने से भी ज्यादा हो गया। जौहरियों और ग्राहकों ने त्योहार के दौरान मांग को देखते हुए खरीदारी बढ़ाई थी।
गौरतलब है कि अक्टूबर में व्यापार घाटा बढ़कर 39.88 अरब डॉलर पहुंच गया। इससे पहले अक्टूबर 2025 में यह 42.58 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर था। इस तरह मौजूदा आंकड़ा एक साल का सबसे ऊंचा स्तर है।
हालांकि, सेवाओं के कारोबार ने भारत को राहत दी है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सेवाओं का निर्यात 40.51 अरब डॉलर और आयात 20.72 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। इससे सेवाओं के कारोबार में 19.79 अरब डॉलर का फायदा हुआ।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि वस्तुओं के निर्यात में बढ़ोतरी कई क्षेत्रों में देखने को मिली है। अक्टूबर में भारत के 50 प्रमुख निर्यात बाजारों में से 43 में सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि वस्तुओं और सेवाओं को मिलाकर देश का कुल निर्यात 29.9% बढ़कर 89.99 अरब डॉलर के अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर पर पहुंच गया। वहीं, दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल व्यापार घाटा घटकर 20.09 अरब डॉलर रह गया है।
