आर्यवीर सहवाग की प्रतिभा पर कभी सवाल नहीं उठे, लेकिन इस युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज ने शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ अल अमेरात में अंडर-19 एशिया कप फाइनल में शानदार अर्धशतक लगाकर अपने पिता वीरेंद्र सहवाग की तरह बड़े मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करने का माद्दा दिखाया। भारत ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। अपने पिता की तरह पारी की शुरुआत करने वाले आर्यवीर ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) के साथ 17.4 ओवर में 95 रन की अहम साझेदारी की।
इस मजबूत शुरुआत ने भारत को 338 रन के विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में काफी मदद की। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पांच पारियों में 90.25 के औसत से कुल 361 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
आर्यवीर ने कहा कि टीम को लक्ष्य हासिल करने का पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, ‘‘ड्रेसिंग रूम में हमारी चर्चा यही थी कि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी है और यह कोई बहुत बड़ा स्कोर नहीं है। अगर हम सामान्य तरीके से बल्लेबाजी करें और अपने स्वाभाविक शॉट खेलें तो लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं।
हमें हमेशा विश्वास था कि हम इस लक्ष्य का पीछा कर लेंगे। ’’
इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज ने लीग मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 160 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 51 रन की पारी खेली।
भारत के लिए ये दोनों मुकाबले जीतना बेहद जरूरी था। इन पारियों ने कम उम्र में उनके मजबूत इरादों और दबाव में खेलने की क्षमता को साबित किया। आर्यवीर ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और निचले क्रम के बल्लेबाजों मोहित उल्वा तथा मनल चौहान की भी तारीफ की जिन्होंने मुश्किल लक्ष्य का शानदार तरीके से पीछा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘टीम की बैठकों में हम इस बात पर चर्चा करते हैं कि आखिरी 10 ओवर में 100 या 120 रन का पीछा कैसे किया जा सकता है क्योंकि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। ऐसे में किसी एक बल्लेबाज का आखिर तक टिके रहना जरूरी था। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘लक्ष्य ने यह काम बखूबी किया।
इसके लिए उनकी जितनी तारीफ की जाए कम है। आखिरी में मोहित और मनल ने जो किया, वह शानदार था। वे भी बधाई के हकदार हैं।
’’
युवा बल्लेबाज को अपनी पारी की शुरुआत में कोहनी पर दर्दनाक चोट भी लगी थी, लेकिन उन्होंने दर्द के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैंने अभी क्या देखा है। मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
जब भी भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होता है, भावनाएं बहुत ऊंचे स्तर पर होती हैं। पिछले मैच में मैं उनके खिलाफ आउट हो गया था, इसलिए आज मैं रन बनाना चाहता था। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘दर्द हो रहा था, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं क्रीज पर टिका रहा तो पाकिस्तान पर दबाव बना रहेगा।
अब मेरे हाथ में कोई दर्द नहीं है। ’’
अगर आर्यवीर इसी तरह अपने करियर में आगे बढ़ते रहे तो आने वाले समय में कई गेंदबाजों को उनकी बल्लेबाजी से परेशानी हो सकती है। भारतीय क्रिकेट में युवा सहवाग का स्वागत है।
