चेन्नई, नौ अक्टूबर तमिलनाडु और पुडुचेरी में छह अक्टूबर को हुए उपचुनावों के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और एन. रंगासामी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ दलों को बढ़त मिलती दिख रही है। तमिलनाडु में सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ी, सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) बढ़त बनाती नजर आई। टीवीके ने सर्वाधिक वोट हासिल कर शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जिसके बाद द्रमुक और अन्नाद्रमुक का स्थान रहा।
इसी तरह, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में शुरुआती रुझान मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के पक्ष में दिखे। हालांकि, यह देखना अहम होगा कि क्या ये रुझान आगे भी इसी तरह बने रहते हैं या नहीं। तमिलनाडु और पुडुचेरी के ये उपचुनाव न केवल सत्तारूढ़ टीवीके और एआईएनआरसी सरकारों के लिए, बल्कि विपक्षी दलों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
तमिलनाडु में मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे। दोनों सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं। पुडुचेरी में थट्टानचावाडी सीट पर मतदान हुआ था।
इन विधानसभा क्षेत्रों के मौजूदा विधायकों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव कराने पड़े। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने मण्गलम सीट बरकरार रखते हुए थट्टानचावाडी सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा।
