ऑलराउंडर जोसेफिन नकोमो 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले भारत के पहले दौरे में जिम्बाब्वे की 15 सदस्यीय महिला टीम की कप्तानी करेंगी। जिम्बाब्वे ने सितंबर अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने वाली टीम का ही चयन किया है। उसकी टीम ने वेस्टइंडीज को हरारे में खेले गए दूसरे वनडे में चार विकेट से हराया था।
भारतीय दौरे के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में न्याशा ग्वांजुरा और मिशेल मावुंगा भी शामिल हैं जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत में मिलकर सात विकेट लिए थे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को रायपुर में खेले जाएंगे। इसके बाद 23, 25 और 28 अक्टूबर को बड़ौदा में वनडे मैच होंगे।
वनडे मैच आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे। जिम्बाब्वे की टीम: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बीलव्ड बिज़ा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिन्दर चारे, कुदज़ई चिगोरा, न्याशा ग्वांज़ुरा, नोमवेलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चियेद्ज़ा धुरुरू, मोडेस्टर मुपाचिकवा, तेंदई मकुशा, शार्ने मेयर्स।
