मुंबई, आठ अगस्त राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का गुट राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ काम करना चाहता है या नहीं, यह उसका आंतरिक मामला है। सुले ने कहा कि किशोर उनके मित्र हैं और उन्होंने हाल ही में बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बहुत बड़ी लड़ाई जीती है। बारामती से सांसद सुले ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, प्रशांत किशोर कई वर्षों से मेरे अच्छे मित्र रहे हैं।
मैंने उनके काम को करीब से देखा है और मैंने हमारी दोस्ती को कभी छिपाया नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर अपने पेशेवर काम में स्वतंत्र रूप से फैसले लेते हैं और उन्हें किसके साथ काम करना है, यह उनका अपना निर्णय है। इस सप्ताह की शुरुआत में किशोर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की प्रमुख और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा उनके बेटे एवं सांसद पार्थ पवार से मुलाकात की थी।
