दिल्ली-एनसीआर से सटे हाईटेक शहर नोएडा में बीते 24 घंटे किसी बुरे सपने की तरह सामने आए हैं, जहाँ एक के बाद एक लगातार 15 मौतों की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शहर की अलग-अलग कॉलोनियों और सोसायटियों से आई इन खबरों ने हर किसी को सन्न कर दिया है-एक तरफ जहाँ 6 लोगों ने रहस्यमयी परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी, वहीं दूसरी तरफ 9 लोगों की अचानक हुई संदिग्ध मौतों ने पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए हैं। क्या यह महज एक खौफनाक इत्तेफाक है, कोई गहरा मानसिक अवसाद या फिर पर्दे के पीछे छुपा कोई अदृश्य खौफ? एक ही दिन में घटी इन सनसनीखेज घटनाओं ने शहर में खामोश दहशत फैला दी है, और अब हर किसी की निगाहें पुलिस की उस अनसुलझी जांच पर टिकी हैं जो इन 15 मौतों के पीछे के काले सच को सामने लाएगी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले राजीव (40) ने मंगलवार रात अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था। पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाले राजू (42) ने भी बीती रात अपने किराये के मकान में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इसे भी पढ़ें: Greater Noida में युवती की खुदकुशी के बाद प्रेमी दीपक सोलंकी पर FIR
आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव में रहने वाली सायरा बानो (24) ने मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि बुलंदशहर के जहांगीरपुर निवासी अंकित (26) ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: Guwahati के होमस्टे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने साथी आशिक अली को दबोचा
बीटा-2 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि फेस-1 थाना क्षेत्र के नया बांस गांव निवासी अफजल (28) और बिसरख थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाले मयंक गुप्ता (34) ने भी मंगलवार रात अपने-अपने घरों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। इसके अलावा दादरी थाना क्षेत्र में रहने वाले टीपू सुल्तान (28) और गुड़िया (32), बिसरख थाना क्षेत्र निवासी पुलकित गौतम (26), सेक्टर-39 थाना क्षेत्र निवासी संजय कुमार (30), बीटा-2 थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश (25), खोड़ा कॉलोनी निवासी दिनेश उर्फ गुड्डू (40), सूरजपुर थाना क्षेत्र निवासी सोनू (32), फेस-2 थाना क्षेत्र निवासी मनीष (19) और जेवर थाना क्षेत्र के चरौली गांव निवासी कर्मवीर (48) की भी मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दिनेश उर्फ गुड्डू को उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
