अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में केशम द्वीप के पास दो मछली पकड़ने वाली नावों पर हमला किया, जिसमें दो ईरानी मछुआरे घायल हो गए। समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, केशम फिशिंग कम्युनिटी के CEO ने बताया कि ड्रोन हमले के बाद लापता हुए दोनों मछुआरे मिल गए हैं। उन्हें वापस केशम द्वीप भेज दिया गया। अल जजीरा ने फार्स समाचार एजेंसी के हवाले से बताया कि घायल मछुआरों में से एक को अस्पताल ले जाया गया है। अल जजीरा के मुताबिक, होर्मुजगन प्रांत के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक मामलों के डिप्टी गवर्नर ने तस्नीम समाचार एजेंसी को बताया, “यह घटना आज सुबह करीब 11:30 बजे हुई। इसमें केशम काउंटी के मुसान गांव के पास दो मछली पकड़ने वाली नावें शामिल थीं… हर नाव पर दो-दो लोग सवार थे।” होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले जारी हैं। इससे पहले, शुक्रवार सुबह ईरानी नौसेना बलों ने होर्मुज के पूर्व में स्थित ऑपरेशनल ज़ोन में एक “दुश्मन की पनडुब्बी” को नष्ट कर दिया और दो कमर्शियल तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचाया। सरकारी मीडिया ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान कास्टिंग’ (IRIB) ने ईरानी नौसेना के जनसंपर्क विभाग के हवाले से बताया कि ईरानी बलों ने एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग (मैरीटाइम चोक पॉइंट) के पास ऑपरेशनल सेक्टर में चल रही दुश्मन की एक पनडुब्बी को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया।
इसे भी पढ़ें: Iran पर हमला हुआ तो हम तय करेंगे शर्तें, Mojtaba Khamenei ने US को दी खुली चेतावनी
नौसेना के एक बयान में कहा गया आज सुबह, होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) के पूर्व में सक्रिय एक दुश्मन पनडुब्बी को ईरानी नौसेना के जवानों ने निशाना बनाकर नष्ट कर दिया। इस बीच, यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर, एडमिरल ब्रैड कूपर ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मुख्य समुद्री मार्गों को ईरानी समुद्री बारूदी सुरंगों (सी माइन्स) से सफलतापूर्वक साफ कर दिया गया है। अब व्यावसायिक जहाज इस रणनीतिक जलमार्ग से बेरोकटोक गुजर रहे हैं। एडमिरल कूपर ने कहा, “इस हफ्ते की शुरुआत में, मैंने मध्य पूर्व में अभियानों में मदद कर रहे 50,000 से अधिक सैन्य कर्मियों से मुलाकात की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य में हमारा मिशन भी शामिल है। जब मैं इस जलडमरूमध्य के ऊपर से गुजरा, तो मैंने दर्जनों व्यावसायिक जहाजों को वहां से गुजरते देखा—इनमें कार्गो, कच्चा तेल और लिक्विड नेचुरल गैस (LNG) ले जाने वाले जहाज शामिल थे। मैंने हवा और पानी में हमारे अमेरिकी संसाधनों को भी देखा, जिनमें गश्त कर रहे उन्नत समुद्री ड्रोन का एक स्क्वाड्रन भी शामिल था, जो सुरक्षा घेरे को मजबूत करने का काम कर रहा था।” यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान में नए हमलों की आशंका बनी हुई है। आज, ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खमेनेई ने वरिष्ठ कमांडरों को आदेश दिया कि वे सभी खतरों का सामना तत्काल, प्रभावी और बिना किसी भौगोलिक सीमा के जवाब देकर करें।
इसे भी पढ़ें: Iran और US समझौते के मसौदे पर राजी, Strait of Hormuz खुलने और प्रतिबंध हटने की उम्मीद
मुजतबा खमेनेई के अकाउंट से किए गए कई एक्स पोस्ट के अनुसार, ईरान के इस नेता ने सशस्त्र बलों के वरिष्ठ कमांडरों के साथ मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बयान में कहा गया है,हर स्तर और हर तरह के खतरे का सामना तुरंत, प्रभावी और बिना किसी भौगोलिक सीमा के जवाब देकर किया जाना चाहिए।
