नेरोका एफसी ने बुधवार को यहां नौ खिलाड़ियों के साथ खेल रहे एफसी रेंगदाई को ग्रुप डी मैच में 3-1 से हराकर 135वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। जोना कामेई ने 19वें मिनट में रेंगदाई को बढ़त दिलाई लेकिन आठ मिनट बाद थौडाम नैनी सिंह के आत्मघाती गोल से नेरोका ने बराबरी कर ली। रेंगदाई को 55वें मिनट में उस समय 10 खिलाड़ियों तक सीमित होना पड़ा जब पी एम राकेवेइचे को लाल कार्ड दिखाया गया।
इसके तीन मिनट बाद सोरैशाम सूरजकांता सिंह को दूसरा पीला कार्ड दिखाया गया और उन्हें मैदान से बाहर भेज दिया गया जिससे रेंगदाई के नौ ही खिलाड़ी ही मैदान पर रह गए। नेरोका ने आखिरकार अपनी संख्यात्मक बढ़त का फायदा उठाया और स्थानापन्न चाबुंगबाम लिंकी मैतेई ने 89वें मिनट में इमर्सन मैतेई के क्रॉस पर हेडर से गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद युमनाम रेनेडी मैतेई ने इंजरी टाइम में गोल कर नेरोका की जीत पक्की कर दी।
इस जीत के साथ नेरोका ने तीन मैच में चार अंक रहे जबकि पहले ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी रेंगदाई ने ग्रुप चरण का अंत छह अंक के साथ किया। कोलकाता में भारतीय सेना फुटबॉल टीम ने ग्रुप बी के आखिरी मुकाबले में दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब को 2-1 से हराया। ललथांकिमा ने 34वें मिनट में शानदार गोल कर मोहम्मडन स्पोर्टिंग को बढ़त दिलाई लेकिन पी क्रिस्टोफर कामेई ने 59वें मिनट में गोल करके भारतीय सेना की टीम को वापसी कराई।
इसके बाद शफील पीपी ने इंजरी टाइम के पहले मिनट (90+एक मिनट) में निर्णायक गोल दागकर भारतीय सेना को जीत दिलाई। इस जीत के साथ सेना की टीम ने ग्रुप बी में तीन मैच में तीन जीत से नौ अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।
