देहरादून, सात अगस्त उत्तराखंड सरकार ने पिछले महीने भारी बारिश के दौरान देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी में टोंस नदी पर स्थित पुल की संपर्क सड़क धंसने के मामले में शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के तीन अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यहां बताया कि लोक निर्माण विभाग के देहरादून प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को प्रथमदृष्टया तकनीकी निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण के अपने दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। कुमार के अलावा, देहरादून प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता अमित त्यागी और कनिष्ठ अभियंता नवीन गैरोला को भी दायित्वों में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है।
यह कार्रवाई मामले में की गयी जांच की रिपोर्ट के आधार पर की गयी है। गौरतलब है कि 28 जुलाई को भारी बारिश के दौरान पुल की संपर्क सड़क क्षतिग्रस्त हो गयी थी और उसमें एक बड़ा गड्ढा हो गया था। पुल को 12 जुलाई को यातायात के लिए खोला गया था।
