भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि हिंसा पूरी तरह से अस्वीकार्य है। ढिल्लों ने कहा कि वह बादल पर हुए हमले को लेकर बहुत चिंतित हैं।
महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि शिअद प्रमुख कृपाण से किए गए हमले में घायल हो गए। उसने बताया कि जब बादल गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगट गए थे, तो एक व्यक्ति ने उन पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, इस हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
ढिल्लों ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं। हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है, खासकर हमारे पवित्र तख्तों की धरती पर।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि बादल की जान लेने की ‘‘कायरतापूर्ण कोशिश’’ बेहद निंदनीय है और यह पंजाब की शांति एवं सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है। बिट्टू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘हमारे पवित्र स्थलों पर हिंसा और डराने-धमकाने की कोई जगह नहीं है।
दोषियों का पर्दाफाश कर उन्हें सजा दी जानी चाहिए। सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। सिख धर्म सेवा, साहस और शांति का प्रतीक है, हिंसा का नहीं।’’
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील की कि वह इस घटना की निष्पक्ष तरीके से गहन जांच सुनिश्चित करें।
सिंह ने कहा, ‘‘पंजाब और पंजाबी समुदाय हिंसा तथा आतंकवाद के काले और दर्दनाक दौर में पहले ही बहुत कुछ झेल चुके हैं। पंजाबियों की कई पीढ़ियों ने उस दौर के गहरे घाव सहे हैं। हम किसी भी हाल में उन काले दिनों को वापस नहीं आने दे सकते।
शांति, भाईचारा, संवैधानिक मूल्यों और कानून के शासन को हमेशा बनाए रखा जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सुखबीर सिंह बादल जी के अच्छे स्वास्थ्य, सुरक्षा और जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।’’
सिंह ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब पंजाब और पूरा देश शांति, विकास एवं तरक्की की आकांक्षा के साथ आगे बढ़ रहा है, तब ऐसी घटनाओं से सख्ती से निपटा जाना चाहिए, ताकि यह साफ संदेश जाए कि सार्वजनिक जीवन में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
