ओडिशा तट के पास समुद्र में संकट में फंसे एक पोत के चालक दल के 27 सदस्यों को मंगलवार को पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण (पीपीए) और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ‘‘शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया’’ (एससीआई) से आपात संदेश मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
एससीआई ने सूचना दी थी कि पोत में पानी भर रहा है और उसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, ‘एमवी विश्व उदय’ नामक पोत को सफलतापूर्वक खींचकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया और उसने मंगलवार सुबह बंदरगाह की बाहरी सीमा के पास लंगर डाल दिया। पीपीए ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एससीआई लिमिटेड से आपात अनुरोध मिलने के बाद पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण ने चालक दल के 27 सदस्यों वाले एमवी विश्व उदय के लिए समन्वित बचाव अभियान शुरू किया।
पोत ने पारादीप बंदरगाह से करीब 50 समुद्री मील दूर पानी भरने और प्रोपेलर शाफ्ट में खराबी आने की सूचना दी थी।’’
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पोत पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह से पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक जा रहा था। इसी दौरान उसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया, जिससे वह समुद्र के बीच फंस गया। सूत्रों के मुताबिक, पोत में पानी भरना शुरू हो गया था, जिससे उसके डूबने की आशंका पैदा हो गई थी।
हालांकि, समय रहते चलाए गए संयुक्त बचाव अभियान से चालक दल के सभी 27 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ‘‘पारादीप में तटरक्षक बल के जिला मुख्यालय के समन्वय से त्वरित खोज और बचाव अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आईसीजीएस अमूल्या और आईसीजीएस विजया को 15-16 नवंबर की दरमियानी रात को एमवी विश्व उदय की सहायता के लिए तैनात किया गया।
पोत ने पारादीप के पास क्षतिग्रस्त टेल शाफ्ट के कारण इंजन कक्ष में अत्यधिक पानी भरने की सूचना दी थी।’’
पोस्ट में कहा गया है, ‘‘प्रतिकूल समुद्री परिस्थितियों से जूझते हुए क्षति नियंत्रण में विशेषज्ञता रखने वाले एक दल ने संकटग्रस्त पोत पर पनडुब्बी पंप लगाए और पोत में पानी का प्रवेश सफलतापूर्वक रोक दिया।’’
