झारखंड के रांची जिले में एक युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म और उसकी सहेली से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार को चान्हो थाना क्षेत्र में हुई, जब दोनों युवतियां अपने छह पुरुष मित्रों के साथ स्थानीय मेले में गई थीं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दोनों युवतियों को पास के जंगल में ले गए जहां उन्होंने एक के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और दूसरी से छेड़छाड़ की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार,पीड़िताओं के बयान के आधार पर रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने कहा, ‘‘इस मामले में कुल छह लोग शामिल थे। इनमें से हमने सोमवार को एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा है। दुष्कर्म पीड़िता की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और उसकी हालत स्थिर है।’’
उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
