चीन ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पहली बार अपने एक पुन: प्रयोज्य (रियूजेबल) रॉकेट बूस्टर को नियंत्रित और सुरक्षित तरीके से वापस उतारने में सफलता पाई है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि चीन के 'लॉन्ग मार्च-10बी' कैरियर रॉकेट के पहले प्रक्षेपण के दौरान हासिल की गई। इसे देश की पुन: प्रयोज्य अंतरिक्ष तकनीक के इतिहास में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
चीन को यह बड़ी सफलता अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स द्वारा दिसंबर 2015 में पहली बार किसी कक्षीय श्रेणी के रॉकेट बूस्टर को सफलतापूर्वक वापस उतारने के कारनामे के करीब एक दशक बाद मिली है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' के अनुसार, यह मिशन चीन का पहला ऐसा प्रयास है जिसमें किसी कैरियर रॉकेट के पहले चरण की नियंत्रित और सुरक्षित वापसी पूरी तरह सफल रही है।
अखबार 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' की एक रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले पिछले साल दिसंबर में चीन के दो अन्य पुन: प्रयोज्य रॉकेटों ने भी स्पेसएक्स की तरह ही 'ग्रिड फिन्स' और 'लैंडिंग लेग्स' की मदद से सीधे खड़े होकर उतरने की कोशिश की थी, लेकिन वे दोनों ही प्रयास पूरी तरह असफल रहे थे।
ताजा मिशन में 'लॉन्ग मार्च-10बी' कैरियर रॉकेट को दक्षिण चीन के हैनान प्रांत से प्रक्षेपित किया गया था। इस रॉकेट ने अपने पेलोड को सफलतापूर्वक उसकी निर्धारित कक्षा में स्थापित किया। इसके बाद, रॉकेट के पहले और दूसरे चरण के अलग होने पर, पहले चरण का बूस्टर सुरक्षित रूप से वापस लौट आया और उसे समुद्र में बने एक मंच पर जाल प्रणाली की मदद से सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, रॉकेट के प्रक्षेपण से लेकर बूस्टर की सुरक्षित वापसी तक की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह सफल रही।
