समाजवादी पार्टी (सपा) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें 10 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 5,000 रुपये भत्ता देने, किसानों का 100 दिन में शत-प्रतिशत कर्ज माफ करने और सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से यह घोषणापत्र जारी किया, जिसमें रोजगार, सामाजिक न्याय, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास को प्रमुखता देते हुए वर्ष 2032 तक उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही अल्पसंख्यकों, महिलाओं और दलितों के खिलाफ घृणा अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाने का वादा भी किया गया है।
घोषणापत्र के मुताबिक, सपा की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिया जाएगा। रोजगार मिलने तक बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 5,000 रुपये भत्ता दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम 150 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नई योजना और शहरों में रोजगार गारंटी कानून लागू करने का भी वादा किया गया है।
इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर बनाने तथा एक चरण वाली भर्ती तीन महीने और दो-तीन चरण वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने की बात कही गई है। किसानों के लिए घोषणापत्र में सरकार बनने के तीन महीने में 100 प्रतिशत कर्ज माफी और 2031 तक प्रदेश के सभी किसानों को कर्जमुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। दूध समेत सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी देने तथा इसे स्वामीनाथन आयोग के सी2+50 प्रतिशत फार्मूले के आधार पर तय करने का वादा किया गया है।
गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड बनाने की घोषणा की गई है। किसानों का बीमा मुआवजा बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया गया है। सामाजिक न्याय के मोर्चे पर सपा ने 2028 तक जाति आधारित जनगणना कराने और 2029 तक सभी वर्गों को न्याय एवं हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का वादा किया है।
इसके अलावा घोषणापत्र में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के रिक्त सरकारी पद भरने के साथ आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उच्चाधिकार प्राप्त नियामक आयोग बनाने, पीडीए समुदायों के ठेकेदारों को सरकारी ठेकों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने और 50 करोड़ रुपये तक के ठेकों के लिए विशेष प्रावधान करने की घोषणा भी की गई है। महिलाओं के लिए प्रतिवर्ष 40,000 रुपये की समाजवादी पेंशन, बेटियों के जन्म पर उनके नाम पर 10 ग्राम तक सोना देने और विधवा, दिव्यांग तथा अनाथ लड़कियों की शादी के लिए दो लाख रुपये की सहायता एवं आवास देने का वादा किया गया है। सभी बीपीएल परिवारों के राशन कार्ड महिलाओं के नाम पर जारी करने तथा नौवीं कक्षा और उससे ऊपर की छात्राओं को साइकिल और सोलर टेबल लैंप देने की घोषणा की गई है।
लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का भी वादा किया गया है। सपा के घोषणापत्र में दलित युवाओं के उद्यम और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 5,000 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड और विदेश में उच्च शिक्षा के लिए 1,000 करोड़ रुपये का कोष बनाने की बात कही गई है। दलित महिलाओं के लिए महिला बजट का 20 प्रतिशत आवंटित करने और दलित एवं भूमिहीन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक देने का प्रस्ताव है।
शिक्षा क्षेत्र में 2017 से बंद 26,000 से अधिक सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने, शिक्षकों के रिक्त पद एक साल में भरने और शिक्षा बजट तीन गुना करने का वादा घोषणापत्र में किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा और 18 मंडल मुख्यालयों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का वादा भी किया गया है। अल्पसंख्यकों, महिलाओं और दलितों के खिलाफ घृणा अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने तथा पुलिस बल के रिक्त पद एक साल में भरने का वादा किया गया है।
पुलिस सहायता के लिए 15 मिनट से कम समय में पहुंचने का लक्ष्य और हर 180 दिन में अपराधों का सार्वजनिक ऑडिट करने की बात भी कही गई है। घोषणापत्र में औद्योगिक विकास के तहत 2032 तक एक करोड़ रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर सृजित करने, आईटी क्षेत्र में दो करोड़ नौकरियों का लक्ष्य और पर्यटन क्षेत्र में 30 लाख रोजगार पैदा करने का वादा किया गया है। साथ ही प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में आईटी हब, नोएडा को इलेक्ट्रॉनिक उद्योग केंद्र तथा दो नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने का वादा किया गया है।
वर्ष 2030 तक सभी जिलों को फोरलेन सड़क नेटवर्क से जोड़ने और बहराइच से बिजनौर तक तराई एक्सप्रेसवे बनाने का भी वादा किया गया है। घोषणापत्र में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, आउटसोर्सिंग समाप्त करने, समान काम के लिए समान वेतन को कानूनी अधिकार बनाने, श्रमिकों और कारीगरों के लिए 10 लाख रुपये का बीमा, दिव्यांगों को प्रतिमाह 3,000 रुपये तक पेंशन तथा किसानों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शुरू करने के वादे भी शामिल हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, पूर्व सैनिकों और छोटे व्यापारियों के कल्याण के लिए अलग-अलग योजनाओं का वादा किया गया है।
डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
