(शाहबाज के नाम के सुधार के साथ रिपीट)
दोहा, 26 नवंबर शाहबाज अहमद ने नाबाद 54 रन की पारी खेलकर लड़खड़ाती भारतीय पारी को संभाला जिससे भारत ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को यहां श्रीलंका ए के खिलाफ आठ विकेट पर 317 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। शाहबाज ने 48 गेंद की अपनी पारी में चार छक्के लगाए और तनुष कोटियान (28 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी से भारत ने छह विकेट पर 235 रन की मुश्किल स्थिति से उबरकर चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।
इस साझेदारी ने भारत को उस समय संभाला जब कप्तान तिलक वर्मा (53) और अभिषेक शर्मा (78) के आउट होने के बाद पारी की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। इन दोनों बल्लेबाजों ने बड़े स्कोर की नींव रखी थी। अभिषेक ने 63 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 78 रन बनाए लेकिन वह अच्छी शुरुआत को शतक में नहीं बदल सके।
तिलक ने भी 66 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए। सलामी बल्लेबाजों के बीच 80 रन की साझेदारी के बाद अभिषेक और तिलक ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से भारत बड़ी साझेदारियां नहीं कर सका और निचले क्रम पर दबाव बढ़ गया।
भारत ने शानदार शुरुआत की। वैभव सूर्यवंशी (26 गेंद में 40 रन, चार चौके और तीन छक्के) ने अभिषेक के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। पिछले मुकाबले में रिकॉर्ड 204 रन की पारी खेलने वाले युवा बल्लेबाज सूर्यवंशी को श्रीलंकाई गेंदबाजों ने काफी चुनौती दी।
उन्होंने लगातार वाइड और फुल लेंथ गेंदों का इस्तेमाल किया। आखिरकार सूर्यवंशी शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और गेंद को हवा में लहराकर कैच दे बैठे। जनित लियानगे की गेंद पर लसित क्रूसपुले ने उनका कैच लपका।
इसके बाद तिलक और अभिषेक ने पारी को संभाला। दोनों ने खराब गेंदों पर चौके लगाए और स्ट्राइक रोटेट करते हुए रन गति बनाए रखी। हालांकि 22वें ओवर में लाहिरू समरकून की धीमी गेंद को अभिषेक समझ नहीं सके और लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे।
वहीं रविंदु फर्नांडो की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में तिलक आउट हुए।
