नोएडा में तेज बारिश के बाद सड़कों पर हुए जलभराव के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक 27 वर्षीय युवक की नाले में डूबने से मौत हो गई। यह घटना बृहस्पतिवार शाम को हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा के अट्टा गांव के रहने वाले आर्यन (27 वर्ष) बृहस्पतिवार शाम को पैदल कहीं जा रहे थे। इस दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण सड़क पर भारी मात्रा में पानी भर गया था।
सड़क पर जलभराव होने की वजह से आर्यन को वहां से गुजर रहा गहरा नाला दिखाई नहीं दिया और वह अचानक उसमें गिर गए। नाले के गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें नाले से बाहर निकाला।
नाले से निकालने के बाद आर्यन को तुरंत उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
