उत्तर प्रदेश के मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक का इस्तेमाल करने के आरोप में 42 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग तारीखों में फेसबुक अकाउंट के माध्यम से कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोतवाली क्षेत्र की बागवाली गली के निवासी रोहित शर्मा उर्फ चुन्नू के रूप में हुई है। रोहित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) (भड़काऊ झूठी सूचना फैलाना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (ऑनलाइन अश्लील सामग्री) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया।
