जम्मू कश्मीर ने वर्ष 2035 तक 11,000 मेगावाट जलविद्युत उत्पादन क्षमता हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। आधिकारिक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता के अनुसार, जम्मू कश्मीर के बिजली क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी है।
सरकार ने एक व्यापक और समयबद्ध योजना तैयार की है, जिसके तहत दिसंबर 2035 तक चालू जलविद्युत उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 10,969.65 मेगावाट करने का लक्ष्य है। यह मौजूदा 3,540.15 मेगावाट की स्थापित क्षमता के तीन गुने से भी अधिक होगी। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव अटल डुल्लू की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इसकी विस्तार से समीक्षा की गई।
यह योजना ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने, बाहरी बिजली पर निर्भरता घटाने और दीर्घकालिक आर्थिक विकास की नींव तैयार करने के मकसद से बनाई गई। मुख्य सचिव ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन की गति बनाए रखने और जम्मू कश्मीर की जलविद्युत क्षमता का पूरा उपयोग करने के लिए विभागों के बीच लगातार समन्वय, परियोजनाओं की कड़ी निगरानी और अड़चनों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
