चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि अगले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की संभावित शिखर बैठक से पहले दोनों देशों को अपने बीच मौजूद बाधाओं को दूर करना चाहिए। वांग यी ने बुधवार को चीन में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू से मुलाकात की। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बृहस्पतिवार को बताया कि वांग ने दोनों पक्षों से ‘‘सकारात्मक एजेंडे पर ध्यान केंद्रित करने, मतभेदों को उचित तरीके से संभालने, हस्तक्षेप खत्म करने और दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्कों की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने’’ का आह्वान किया।
सीसीटीवी द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने स्वीकार किया कि चीन-अमेरिका संबंधों के सामने ‘‘अब भी कई तरह के जोखिम और चुनौतियां हैं।’’
ट्रंप और शी ने मई में बीजिंग में मुलाकात की थी और दोनों देशों के संबंधों को स्थिर रखने तथा नाजुक व्यापारिक संघर्षविराम को बनाए रखने पर सहमति जताई थी। ट्रंप ने शी को 24 सितंबर को अमेरिका में मुलाकात के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन चीनी राष्ट्रपति की यात्रा की सटीक तारीख की अभी पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इसके बाद से अमेरिका और चीन एक-दूसरे के खिलाफ लक्षित आर्थिक कदम उठाते रहे हैं।
इनमें अमेरिका द्वारा चीन में निर्मित रोबोट पर प्रतिबंध लगाना और चीन द्वारा अमेरिकी संस्थाओं को चीन में व्यापार तथा अन्य गतिविधियों में शामिल होने से रोकना शामिल है।
