कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रचार अभियान शुरू करेगी और उसकी समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर मंगलवार को पहली औपचारिक बैठक हो सकती है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को हुई पार्टी नेताओं की बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक में पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
खरगे ने बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गहन चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नयी दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।
खरगे ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस पार्टी ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव में सामाजिक न्याय और समान अवसर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘इंडिया गठबंधन के अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर हम उत्तर प्रदेश में भाजपा को शिकस्त देंगे, ठीक वैसे ही जैसे हमने 2024 के लोकसभा चुनाव में किया था।
उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राज्य के सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने को तबाह कर दिया है। इस सरकार को जल्द से जल्द सत्ता से बाहर किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश निश्चित रूप से भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगा और आने वाले महीनों तथा वर्षों में देश की राजनीति की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक के बाद पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि दिसंबर के पहले सप्ताह से ‘‘हाईस्पीड चुनाव अभियान’’ शुरू करने की तैयारी है। उनका कहना था, ‘‘प्रदेश में निचले स्तर तक संगठन लगभग तैयार है और अब हर स्तर के पदाधिकारियों को चुनाव अभियान के लिए सक्रिय एवं तैयार करने पर चर्चा की गई।’’
गौतम ने बताया कि बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि चुनाव प्रचार को किस तरह प्रभावी बनाया जाए और संगठन के सभी स्तरों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी कैसे सुनिश्चित की जाए। समाजवादी पार्टी के साथ प्रस्तावित बैठक के बारे में पूछे जाने पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अभी शाम तक इसकी सूचना मिलेगी कि बैठक कहां होगी और सपा की तरफ से कौन-कौन नेता शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने बताया कि बैठक में दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनाव प्रचार शुरू करने का फैसला किया गया है। इसके तहत प्रदेश में रैलियां और यात्राएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोमवार की बैठक मुख्य रूप से संगठनात्मक तैयारियों को लेकर थी।
मसूद ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण मिलकर चुनाव जीतना है। उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
