(मोना पार्थसारथी)
नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा): भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने रविवार को कहा कि टीम में 11 खिलाड़ियों के हॉकी विश्व कप में पदार्पण करने के बावजूद दुनिया की चौथे नंबर की टीम चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलना भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक परिणाम है। भारत ने पूल डी के अपने पहले मुकाबले में दो बार बढ़त बनाई, लेकिन 2024 पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन ने दोनों बार वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। मारिन ने मैच के बाद कहा, ‘‘टीम में 11 खिलाड़ी पदार्पण कर रही हैं।
ऐसे में दुनिया की चौथे नंबर की टीम के खिलाफ ड्रॉ खेलना भविष्य के लिए बहुत अच्छा संकेत है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं संतुष्ट हूं, लेकिन अगर मैच के अंत में हमें पेनल्टी कॉर्नर मिल जाता तो नतीजा अलग हो सकता था। मैं रेफरी के फैसले पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।
जैसा हुआ, हमें उसे स्वीकार करना होगा। ’’
मैच के अंतिम मिनटों में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर की अपील की थी, लेकिन टीम अपना वीडियो रेफरल पहले ही इस्तेमाल कर चुकी थी। मारिन ने कहा, ‘‘हमें साफ तौर पर पेनल्टी कॉर्नर मिलना चाहिए था, लेकिन रेफरी ऐसे कोण पर थीं जहां से उन्हें वह दिखाई नहीं दिया।
इसके लिए उन्हें दोष नहीं दिया जा सकता। हमें वीडियो रेफरल का बेहतर इस्तेमाल करना सीखना होगा। ’’
मारिन का मानना है कि इस परिणाम से भारत पर अगले मुकाबलों का दबाव कम होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत महत्वपूर्ण ड्रॉ है। अगर हम यह मैच हार जाते तो अगले दोनों मुकाबले हमारे लिए ‘करो या मरो’ जैसे हो जाते। अब हमें ज्यादा गणित लगाने की जरूरत नहीं है कि कौन किससे जीत रहा है।
हम सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दे सकते हैं। जब से मैं टीम के साथ वापस जुड़ा हूं, हम यही करने की कोशिश कर रहे हैं। ’’
भारत का अगला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा और कोच ने खिलाड़ियों को किसी भी तरह की ढिलाई से बचने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका अच्छी टीम है और उसके खिलाफ भी हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। ’’
मारिन ने फॉरवर्ड नवनीत कौर की तारीफ करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन से साबित होता है कि भारतीय टीम सिर्फ स्टार ड्रैग फ्लिकर दीपिका पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘नेशंस कप के दौरान सभी दीपिका की बात कर रहे थे, लेकिन नवनीत ने भी उतने ही अच्छे गोल किए थे।
विश्व कप क्वालीफायर में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इसलिए यह सिर्फ दीपिका की टीम नहीं है। ’’
मारिन ने कहा कि भारत ने चीन के खिलाफ कई मौके बनाए और रक्षात्मक खेल भी मजबूत रहा, लेकिन गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने में अभी सुधार की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने कई मौके बनाए और रक्षण भी काफी मजबूत रहा। लेकिन गेंद जीतने और उसे अपने पास बनाए रखने में हमें और बेहतर करना होगा। ’’
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ नवनीत कौर ने कहा कि टीम ने चीन के खिलाफ अपने पिछले मुकाबलों की तुलना में कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह कठिन मैच था, लेकिन हमने बेहतरीन खेल दिखाया। हम दो बार बढ़त में थे और भविष्य में हमें उस बढ़त को बनाए रखना सीखना होगा। ’’
भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि टीम एक अंक मिलने से खुश है, लेकिन आगे के सभी मुकाबलों में भी इसी जज्बे के साथ खेलना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस एक अंक से खुश हैं, लेकिन हमें हर मैच में पूरी ताकत से लड़ना होगा और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।
