पुरी, तीन नवंबर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को पुरी में 1,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल विकसित करने की घोषणा की। तटीय और क्रूज पोत परिवहन को मजबूत करने पर अपने मंत्रालय की सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि पारादीप पत्तन प्राधिकरण (पीपीए) ओडिशा सरकार के साथ साझेदारी में इस प्रस्तावित टर्मिनल को विकसित करेगा। इस दौरान सोनोवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत के माल परिवहन में तटीय और अंतर्देशीय जलमार्ग पोत-परिवहन की हिस्सेदारी को वर्तमान छह प्रतिशत से दोगुना करना और 2029 तक 10 लाख समुद्री क्रूज यात्रियों को आकर्षित करना है।
ये लक्ष्य दो प्रस्तावित पहलों तटीय माल ढुलाई (कार्गो) प्रोत्साहन योजना और क्रूज भारत मिशन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत के समुद्री क्षेत्र में व्यापक बदलाव आए हैं। बैठक में पत्तन, पोत-परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और आठ सांसदों ने भाग लिया।
