रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे मजबूत होकर 95.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी कोष द्वारा लंबी अवधि के सरकारी बॉन्ड की पुनर्खरीद दोगुनी करने की घोषणा के बाद डॉलर सूचकांक मई के अंत के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गया।
इससे अमेरिका में लंबी अवधि के बॉन्ड पर प्रतिफल दरें नीचे आईं और डॉलर की प्रतिफल संबंधी बढ़त कम हुई। इसके अलावा, फेडरल रिजर्व द्वारा आगे ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद कम होने से भी डॉलर पर दबाव है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.57 प्रति डॉलर पर खुला।
इसके बाद 95.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की बढ़त है। रुपया बुधवार को लगभग स्थिर कारोबार करता हुआ एक पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.82 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 504.32 अंक उछलकर 77,416.16 अंक पर जबकि निफ्टी 118.85 अंक की बढ़त के साथ 24,198.55 अंक पर कारोबार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.32 प्रतिशत चढ़कर 91.91 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 407.99 करोड़ रुपये के शेयर की खरीदारी की।
