हाल ही में राखी सावंत ने एक पॉडकास्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लेकर कुछ ऐसी बातें कही थीं, जिनके बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। अब कंगना रनौत ने राखी सावंत के बयान पर पलटवार किया है। कंगना ने सफल महिलाओं को निशाना बनाने और उनके चरित्र पर सवाल उठाने वालों की आलोचना की।
कंगना ने सोशल मीडिया पर दिया जवाब
कंगना रनौत ने राखी सावंत की बातों का जवाब अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दिया। उन्होंने कहा कि कई असफल और कड़वे लोग अपनी जलन, नाकामी और घमंड को सही साबित करने के लिए सफल महिलाओं के चरित्र पर सवाल उठाते हैं।
कंगना ने राखी पर तंज कसते हुए आगे कहा कि सफलता पाने के लिए वह भी बहुत कुछ करने को तैयार हैं, लेकिन दुर्भाग्य से अब किसी को उनसे कुछ नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राखी के सभी एहसानों के बावजूद उन्हें ‘झाड़ू लगाने की नौकरी’ तक नहीं मिली, क्योंकि उसके लिए भी कुछ काबिलियत और हुनर चाहिए।
कंगना ने अपनी बात खत्म करते हुए राखी से कहा कि वह चिंता न करें, क्योंकि वह कहीं नहीं जा रही हैं। उन्होंने राखी से बैठकर अपनी रील्स देखने और रोते रहने की बात भी कही।
इसे भी पढ़ें: Gaurav Khanna ने Khatron Ke Khiladi 15 को कहा अलविदा, जीत के बाद भी क्यों लिया ये फैसला?
राखी सावंत ने क्या कहा था?
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राखी सावंत ‘एमके टॉक्स’ पॉडकास्ट में पहुंची थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनौत और स्मृति ईरानी को लेकर टिप्पणी की।
राखी ने सवाल किया कि मोदी जी कंगना से क्या हासिल करेंगे और फिर कंगना और स्मृति ईरानी को मंत्री बनाए जाने पर भी सवाल उठाया। राखी ने कहा कि इन महिलाओं ने प्रधानमंत्री को जो दिया, वह भी दे सकती हैं।
जब कार्यक्रम के दौरान उनसे पूछा गया कि उनका मतलब क्या है, तो राखी ने इसे ‘प्यार’ और ‘सम्मान’ बताया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने सम्मान दिया और वह भी सम्मान देंगी। इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसे इशारे भी किए, जिन्हें लोगों ने अलग-अलग तरह से समझा।
राखी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई और अब कंगना रनौत की प्रतिक्रिया ने इस विवाद को और चर्चा में ला दिया है।
