कांग्रेस ने बुधवार को पंजाब के लिए राज्य चुनाव समिति की घोषणा की, जिसके अध्यक्ष प्रदेश पार्टी प्रमुख परगट सिंह होंगे। राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले इस 42 सदस्यीय समिति में कांग्रेस विधायक दल के नेता नेता प्रताप सिंह बाजवा, पार्टी की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, पूर्व उपमुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को शामिल किया गया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, और पार्टी के सांसद मनीष तिवारी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमर सिंह, गुरजीत सिंह औजला, धर्मवीर गांधी और किशोरी लाल शर्मा भी इस समिति में शामिल हैं।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए ‘प्रदेश चुनाव समिति’ के गठन के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।”
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अगले 10-15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। पार्टी टिकट की घोषणा के संबंध में उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने 2,000 से अधिक नमूना सर्वेक्षण कराए हैं, और यह प्रक्रिया अब भी जारी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी टिकट देने का आधार सिर्फ चुनाव जीतने की क्षमता ही नहीं होगा; बल्कि उम्मीदवार की सार्वजनिक छवि और लोगों के बीच उसकी स्वीकार्यता भी अहम कारक होंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख ने कहा कि पंजाब में माहौल लगातार पार्टी के पक्ष में होता जा रहा है।
