ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 24,150 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। अधिकारियों ने बताया कि अनुपूरक बजट में कार्यक्रम व्यय के लिए 17,990 करोड़ रुपये, आपदा प्रबंधन के लिए 5,100 करोड़ रुपये और प्रशासनिक व्यय के लिए 1,060 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त विभाग का भी प्रभार संभाल रहे माझी ने इससे पहले वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 3.10 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश किया था।
अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम व्यय के लिए आवंटित 17,990 करोड़ रुपये में से 14,228 करोड़ रुपये राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, 3,442 करोड़ रुपये केंद्र प्रायोजित योजनाओं और 320 करोड़ रुपये केंद्रीय क्षेत्र की योजनाओं के लिए रखे गए हैं। इससे पहले, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन को सदन में हंगामे के बाद शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सदन में दो पूर्व सदस्यों, दो पुलिसकर्मियों और चक्रवात अर्नब के 10 पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई थी।
अध्यक्ष द्वारा प्रश्नकाल शुरू होने की घोषणा के तुरंत बाद हंगामा शुरू हो गया। बीजद और कांग्रेस के सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए और गंजाम जिले में कथित तौर पर मानव निर्मित बाढ़ तथा पड़ोसी आंध्र प्रदेश के साथ कोटिया विवाद को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शाम चार बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्षी विधायकों का विरोध जारी रहा।
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने माझी को वित्त वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करने की अनुमति दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
