प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में करीब 34,000 करोड़ रुपये की 227 बुनियादी ढांचा एवं विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं में गंगा नदी पर बना ‘नीतीश सेतु’ भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें छह लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का औरंगाबाद-चरदाहा खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग-227एफ का चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 का उमगांव-सहरसा खंड शामिल है।
प्रधानमंत्री ने 1,320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई (660 मेगावाट) का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा ऊर्जा विभाग के तहत बिजली वितरण और पारेषण संबंधी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। शनिवार को जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें नहरों और तटबंधों का पुनरुद्धार एवं सुदृढ़ीकरण, नवादा के फुलवरिया बांध में सौर ऊर्जा परियोजना और कहलगांव में मलजल निकासी संबंधी बुनियादी ढांचा शामिल हैं।
मोदी ने शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से जुड़ी इमारतों एवं सुविधाओं का भी उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं से सिंचाई, शहरी सेवाओं और आवश्यक सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी। मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू का साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड (चार लेन) और करीब 3,350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली पीरपैंती सुपर ताप विद्युत परियोजना प्रमुख हैं। उन्होंने बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी, सहरसा और अन्य शहरी क्षेत्रों में मलजल निकासी एवं जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखी। कई अन्य परियोजनाओं में नहर प्रणालियों का आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय, आईआईटी पटना रिसर्च पार्क, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और पुलिस डेटा केंद्र से संबंधित बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है।
मोदी ने राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 100 ‘पीएम-ईबस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
