प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को यहां करीब 9,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास करेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को संबोधित करेंगे।
ये परियोजनाएं सड़क, परिवहन, कपड़ा, रेलवे और ईंधन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं।
मोदी ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर कर्नाटक और तेलंगाना की अपनी यात्रा का विवरण साझा किया।
प्रधानमंत्री ‘सिंधु अस्पताल’ को राष्ट्र को समर्पित करने के कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
मोदी ने पोस्ट में कहा, ‘‘मैं शाम को शहर में भाजपा की एक सभा को संबोधित करूंगा। पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार और मौजूदा कांग्रेस सरकार के कुशासन से निराश तेलंगाना भाजपा की ओर देख रहा है। हमें मिल रहा अभूतपूर्व समर्थन बताता है कि हमारी पार्टी तेलंगाना की पहली पसंद है।’’
सूत्रों ने बताया कि मोदी के हैदराबाद में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उनके उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के आवासों पर जाने की संभावना है।
कल्याण का स्वास्थ्य संबंधी समस्या के बाद अप्रैल में ऑपरेशन हुआ था और वह अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
कल्याण ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तेलंगाना 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए आ रहे प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करता है।
इसे भी पढ़ें: केजरीवाल ने औरंगजेब से की PM मोदी की तुलना, किरेन रिजिजू ने दिया करारा जवाब
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में बुनियादी ढांचे, संपर्क सुविधा और आर्थिक वृद्धि को मजबूत करने, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और तेलंगाना के विकास को गति देने की प्रतिबद्धता के लिए मैं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
इस बीच, केंद्र सरकार के एक अधिकारी ने यहां हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विकास परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किए जाने संबंधी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को शनिवार को आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे को चार लेन का बनाने और जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र सहित कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। मोदी रेलवे की काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के विभिन्न खंडों, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पेट्रोलियम, तेल एवं स्नेहक (पीओएल) टर्मिनल और वारंगल में प्रधानमंत्री मित्र पार्क का उद्घाटन करेंगे।
इसे भी पढ़ें: आतंक और ‘विधवा’ बनाने की साजिश, TMC दफ्तर में सैंकड़ो सफेद साड़ी, सच्चाई जान हिल जाएगा पूरा देश!
भाजपा की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता एन वी सुभाष ने कहा है कि पार्टी तेलंगाना को ऐसे राज्य के रूप में देखती है, जहां वह अपने दम पर सत्ता में आ सकती है।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने रैली के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और इस कार्यक्रम में करीब दो लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
पुलिस ने रैली के लिए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों और 620 यातायात पुलिसकर्मियों के साथ विशेष इकाइयों को तैनात किया गया है।
डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
