अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने अपने अधीन आने वाले सैन्य समाचार पत्र ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ की संपादकीय स्वतंत्रता में किसी भी तरह के हस्तक्षेप का सार्वजनिक रूप से विरोध करने के बाद उसके प्रधान संपादक और एक वरिष्ठ पत्रकार को अनुशासनहीनता के आरोप में शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया। यह समाचार पत्र लंबे समय से अपनी संपादकीय स्वतंत्रता के लिए जाना जाता रहा है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय ‘पेंटागन’ ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब अमेरिकी प्रशासन का समाचार मीडिया के प्रति रुख लगातार अधिक आक्रामक होता जा रहा है।
समाचार पत्र के प्रकाशक को भी बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने कुछ दिन पहले ही इस साल सितंबर में सेवानिवृत्त होने की घोषणा की थी। पेंटागन से आंशिक वित्तीय सहायता पाने वाले सैन्य समाचार पत्र के प्रधान संपादक एरिक स्लाविन ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि उन्हें उस साक्षात्कार के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया जिसमें उन्होंने अमेरिकी सेना द्वारा संभावित सेंसरशिप का विरोध किया था।
स्लाविन ने बताया कि उन्हें सेवा से अलग किए जाने का नोटिस दिया गया। प्रकाशक मैक्स लेडरर और पश्चिम एशिया मामलों की संवाददाता लारा कोर्टे को भी ऐसा ही नोटिस मिला है। लेडरर ने हाल में घोषणा की थी कि वह जल्द ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
ये कदम ऐसे समय में उठाए गए हैं जब राष्ट्रपति के पद पर अपने दूसरे कार्यकाल में डोनाल्ड ट्रंप का मीडिया के प्रति रुख लगातार टकराव वाला रहा है। ट्रंप या कार्यपालिका के अन्य हिस्सों का नीतिगत और कानूनी स्तर पर ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’, ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ और ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ से भी टकराव रहा है। इसके अलावा ट्रंप प्रशासन ने प्रसारण नेटवर्क को निशाना बनाने के लिए ‘फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन’ (एफसीसी) का भी इस्तेमाल किया है।
स्लाविन ने कहा कि उन्हें इसलिए बर्खास्त किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने ‘सीबीएस’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि ‘‘सैन्यकर्मियों के लिए खबरों पर किसी भी तरह की संभावित सेंसरशिप एक ऐसी सीमा होगी जिसे पार नहीं किया जाना चाहिए।’’
कोर्टे ने भी उसी साक्षात्कार में हिस्सा लिया था। स्लाविन ने कहा, ‘‘मैं इस सिद्धांत पर कायम हूं कि मंत्रालय की नीतियों और कानून के अनुसार ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ को संपादकीय रूप से स्वतंत्र रखा जाना चाहिए।’’
‘नेशनल प्रेस क्लब’ के अध्यक्ष मार्क शोएफ जूनियर ने स्लाविन को बर्खास्त किए जाने को ‘‘सेना से जुड़ी खबरों को नियंत्रित करने की पेंटागन की एक और खुली कोशिश’’ करार दिया और कहा कि इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। कोर्टे ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैंने सीबीएस के एक पत्रकार से कहा था कि मैं ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ के लिए काम करती हूं- पेंटागन, प्रशासन या किसी नीति निर्माता के लिए नहीं।
इसके बाद आज मुझे बताया गया कि रक्षा मंत्रालय मुझे अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त कर रहा है।
