नोएडा पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करके उनके पास से सेक्टर 50 स्थित दो फ्लैट से चोरी किए गए लाखों रुपये कीमत के आभूषण, नकदी आदि बरामद किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ पूर्व में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
इन बदमाशों पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों में आपराधिक वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) प्रीति यादव ने बताया कि 13 अक्टूबर को सेक्टर 50 के ‘दी क्रीसेंट अपार्टमेंट सोसाइटी’ में रहने वाले नितिन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके और उनके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपये कीमत के जेवरात, नकदी, घड़ी आदि चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी और चार टीम का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने लगभग 400 कैमरे में रिकॉर्ड वीडियो की जांच की और करीब 4,000 फोन नंबरों का विश्लेषण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी राजमार्ग और जनपद की सीमा पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। उन्होंने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 49 पुलिस ने बृहस्पतिवार को वीरेंद्र उर्फ सोनू पुत्र सुल्तान सिंह, सनी उर्फ सोनू पुत्र रोशन लाल तथा जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना पुत्र रामविलास को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, सोने का 100 ग्राम वजन का बिस्कुट, दो किलो वजनी चांदी की सिल्ली, सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा ताला तोड़ने में प्रयोग होने वाले औजार बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में जितेंद्र मौर्य के खिलाफ सात, सनी के खिलाफ चार तथा वीरेंद्र के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
