(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 19 नवंबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीतिक विचारधारा को ध्वस्त कर दिया है और इसका असर अगले आठ महीनों में दिखाई देगा। बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान गांधी ने दावा किया कि भाजपा का आंतरिक ढांचा ढह चुका है और सरकार के मंत्री विपक्ष के संपर्क में हैं तथा उसके साथ जानकारी साझा कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने प्रोफेसर रॉबर्ट पेप की अध्यक्षता में हुई बातचीत के दौरान कहा, ‘‘हमने आज भारत में राजनीतिक रूप से भाजपा की विचारधारा को मूल रूप से ध्वस्त कर दिया है।
यह खत्म हो चुकी है।”
गांधी ने कहा कि असंगठित छात्रों के एक समूह ने भाजपा के सरकारी तंत्र पर नियंत्रण को कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा, “कृपया ध्यान दें कि भारत में पूरा प्रशासनिक तंत्र भाजपा के नियंत्रण में है। पुलिस, खुफिया तंत्र, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस), नौकरशाही, सब कुछ उनके नियंत्रण में है।”
गांधी ने कहा, ‘‘फिर, दिल्ली की सड़कों पर हज़ारों छात्र उतर आए, जो पूरी तरह से असंगठित थे।
और वह मुकाबला किसने जीता? क्या आपको लगता है कि पुलिस जीती? नहीं।
वह मुकाबला उन असंगठित छात्रों ने जीता।’’
उन्होंने कांग्रेस को असंगठित प्रतिरोध करने वाली पार्टी बताया और इसकी तुलना ‘शिवजी की बारात’ से की। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा व्यापक मंच है, जहां अलग-अलग विचारों और पृष्ठभूमि के लोग एक साथ आते हैं। भारत में बिखरे हुए विपक्ष से जुड़े एक सवाल के जवाब में गांधी ने कहा, “आपने शिवजी की बारात के बारे में सुना है?
यह बिल्कुल वैसी ही है। इसमें भले ही कोई व्यवस्थित ढांचा न हो, लेकिन संगठन की एक केंद्रीय लय है। भारत जैसे जटिल देश को संगठित करने का यही एकमात्र तरीका है।”
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के दौरान भी कांग्रेस किसी सैन्य संगठन की तरह नहीं दिखती थी।
गांधी ने कहा, “कांग्रेस हमेशा से असंगठित प्रतिरोध करने वाली पार्टी रही है। इसमें अव्यवस्था थी, लेकिन इस अव्यवस्था के भीतर भी व्यवस्था के कुछ नियम थे।”
गांधी ने कहा कि कांग्रेस में युवा नेतृत्व की एक बड़ी टीम है, जिसे जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर भी जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि मीडिया कांग्रेस के भीतर कुछ गिने-चुने लोगों पर ही ध्यान केंद्रित करता है।
गांधी ने कहा, “अगर आप कांग्रेस के संगठन, हमारे जिलों का कामकाज संभालने वाले लोगों और पार्टी के व्यापक नेतृत्व पर नजर डालें, तो पाएंगे कि वे सभी बहुत युवा हैं। लेकिन उन्हें टीवी पर जगह नहीं मिलती।”
