सार्वजनिक क्षेत्र की एनएमडीसी का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में दो प्रतिशत बढ़कर 2,005.71 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि एक साल पहले 2025-26 इसी तिमाही में उसे 1,967.46 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। अप्रैल-जून के दौरान, कंपनी की कुल आय मामूली बढ़कर 7,142.54 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में 7,038.97 करोड़ रुपये थी।
एनएमडीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अमिताभ मुखर्जी ने कहा, ‘‘हमने वित्तवर्ष 2026-27 की शुरुआत मजबूती के साथ की है। ज्यादा उत्पादन और बेहतर मुनाफा हमारे परिचालन की मजबूती और हमारी रणनीति के अनुशासन को दिखाता है। हम मौजूदा वित्तवर्ष में छह करोड़ टन उत्पादन और वर्ष 2030 तक इसे 10 करोड़ टन तक बढ़ाने के अपने लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
