(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, 13 अगस्त अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर उपनगरीय इलाके में स्थित अपने घर में अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ऐक्टन निवासी अर्जुन अरविंद पर अपने 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद और 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन की मौत के मामले में हत्या के दो आरोप, परिवार या घर के किसी सदस्य पर हमला और मारपीट के दो आरोप, हमला और मारपीट के दो अन्य आरोप, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने तथा मोटर वाहन चोरी करने के आरोप लगाए गए हैं।
आरोप है कि अर्जुन ने मंगलवार को घर में अपनी मां और भाई पर जानलेवा हमला किया और फिर फरार हो गया। सिद्धार्थ एवं सुधा ‘‘गंभीर रूप से घायल’’ अवस्था में मिले थे। अभी यह पता नहीं चल सका है कि हत्या में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया।
मिडिलसेक्स डिस्ट्रिक अटॉर्नी मैरिएन रयान और ऐक्टन पुलिस प्रमुख डगलस स्टर्निओलो ने बताया कि सिद्धार्थ एवं सुधा बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर ऐक्टन के मार्था लेन स्थित अपने घर में मंगलवार को मृत मिले। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ऐक्टन पुलिस को 11 अगस्त को शाम छह बजकर 37 मिनट पर अर्जुन के पिता का फोन आया। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
मार्था लेन स्थित मकान में पहुंचने पर पुलिस ने दोनों को अंदर मृत पाया। अधिकारियों के अनुसार, सिद्धार्थ का शव पहली मंजिल पर और सुधा का शव भूमिगत तल में मिला। पुलिस ने बताया कि अर्जुन घर पर नहीं था और अपनी मां की कार लेकर कथित तौर पर फरार हो गया था।
जांचकर्ताओं ने बुधवार तड़के मैसाचुसेट्स के वेलैंड में एक पार्किंग स्थल से अर्जुन को पकड़ लिया।
