फाजिल्का के गांव थेह कलंदर के पास रविवार शाम एक कार और पिकअप वाहन की टक्कर में तीन नाबालिग समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। यह हादसा गांव के पास उस समय हुआ, जब वे एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। दुर्घटना के समय कार में 16 लोग सवार थे।
घायलों को तत्काल फाजिल्का के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान देसो बाई, सचिन, जौन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासियों ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद, घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। हताहतों की पुष्टि करते हुए फाजिल्का सरकारी अस्पताल के एक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है।
वे सभी तिवाना कलां गांव के रहने वाले थे और करणी खेड़ा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।
