पर्याप्त आपूर्ति की उम्मीद और भंडार बढ़ने से अगले सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव से कीमतों में उतार-चढ़ाव आ सकता है। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
विश्लेषकों ने कहा कि बाजार की नजर अमेरिकी पेट्रोलियम संस्थान (एपीआई) के कच्चे तेल के साप्ताहिक भंडार के अनुमान, अमेरिका के कच्चे तेल के आयात, आधिकारिक भंडार के आंकड़ों और भंडार के स्तर पर रहेगी। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 90-92 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकती है। कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहने की आशंका है और रुझान नीचे की ओर रह सकता है।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ईरान ने रविवार को दावा किया कि उसने बहरीन के अल-रिफा ठिकाने पर अमेरिका के वायु रक्षा रडार प्रतिष्ठान को निशाना बनाते हुए छह ड्रोन दागे। इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर आगे हमले टालने पर विचार कर रहे थे, बशर्ते ईरान समर्थित हूती बलों की ओर से कोई नई उकसावे वाली कार्रवाई न हो।
हालांकि, अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी जारी रखी है। विश्लेषकों के मुताबिक, इन घटनाक्रमों के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य पर नजर बनी हुई है। इस मार्ग पर किसी भी तरह की बाधा से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
मिश्रा ने कहा कि कच्चे तेल का बाजार धीरे-धीरे भू-राजनीतिक जोखिमों के बजाय मांग और आपूर्ति से जुड़े बुनियादी कारकों से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित बाधा से आपूर्ति प्रभावित होने का जोखिम बना हुआ है, लेकिन तत्काल आपूर्ति की कमी के कारण कीमतों में बनी अतिरिक्त बढ़त धीरे-धीरे कम हो रही है।
