अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने रिलायंस समर्थित कंपनियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिए गए चंदे से जुड़ी खबरों को साझा किया है। मस्क ने शुक्रवार शाम इससे संबंधित खबरों के ‘स्क्रीनशॉट’ सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट किए। इससे कुछ ही घंटे पहले उन्होंने उद्योगपति मुकेश अंबानी को व्यंग्यात्मक लहजे में ‘‘प्रधानमंत्री अंबानी’’ कहकर संबोधित किया था और उन पर ‘‘एकाधिकार’’ बनाए रखने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
साथ ही, उद्योगपति मस्क ने पूछा, ‘‘क्या अंबानी देश में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देने पर विचार करेंगे।’’
इससे पहले संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पष्ट किया था कि भारत किसी भी क्षेत्र में एकाधिकार की अनुमति नहीं देता है। उन्होंने कहा था कि एक ‘खास’ कंपनी को लेकर काफी चर्चा हो रही है, लेकिन देश में तीन कंपनियों को उपग्रह संचार (सैटकॉम) लाइसेंस मिल चुके हैं। इनमें से हरेक कंपनी को सुरक्षा संबंधी शर्तें पूरी करने के बाद ही सेवाएं शुरू करने की अनुमति मिलेगी।
