तेलंगाना के एक सांड से लेकर जम्मू-कश्मीर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान घायल हुई एक गाय तक राजस्थान के जयपुर में एक पशु चिकित्सक की पहल से सैकड़ों लाचार पशु फिर से अपने चारों पैरों पर खड़े होने में सक्षम हुए हैं। इस पशु चिकित्सक ने पशुओं के लिए कृत्रिम अंग विकसित किए हैं। राजस्थान सरकार में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. तपेश माथुर ने पहल ‘कृष्णा लिम्ब’ के तहत पिछले 12 वर्षों में 23 राज्यों के 700 से अधिक पशुओं को कृत्रिम अंग लगाए हैं।
इन पशुओं में गाय, बछड़े, घोड़े, कुत्ते, खरगोश, बकरियां और ऊंट शामिल हैं। माथुर ने बताया कि जो किसान और पशुपालक कृत्रिम अंगों का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें ये अंग मुफ्त में उपलब्ध कराए जाते हैं। माथुर ने बताया कि उनकी इस पहल से लाभान्वित होने वाले पशुओं में उदयपुर जिले के मावली की प्रभा नाम की गाय और तेलंगाना के करीमनगर का लक्ष्मण नाम का सांड शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कृत्रिम अंगों की मदद से अब दोनों चलने-फिरने में सक्षम हैं। माथुर ने 2013 में जयपुर के एक गो-पुनर्वास केंद्र में पॉलीक्लिनिक में तैनाती के बाद यह पहल की थी। वहां सड़क दुर्घटनाओं में घायल पशुओं को नियमित रूप से इलाज के लिए लाया जाता था।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान उन्होंने तीन वर्षीय एक बछड़े को कृत्रिम अंग लगाने का प्रयोग करने का फैसला किया, जिसका एक पैर कट गया था। माथुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “इसमें काफी मेहनत लगी, लेकिन आखिरकार बछड़ा दौड़ने लगा। उसका रंग काला था।
जब लोगों ने उसे कृत्रिम अंग की मदद से दौड़ते देखा तो वे उसे कृष्णा कहने लगे। इसी तरह इस पहल का नाम ‘कृष्णा लिम्ब’ पड़ा।”
एक प्रयोग के रूप में शुरू हुई यह पहल धीरे-धीरे एक मिशन बन गई। माथुर घायल पशुओं का इलाज करने और उन्हें कृत्रिम अंग लगाने के लिए देश के दूरदराज के गांवों और दुर्गम इलाकों की यात्रा करने लगे।
ऐसा ही एक मामला ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सामने आया, जब भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे गांवों में गोलाबारी हुई थी। जम्मू-कश्मीर के चाय की दुकान चलाने वाले राजेश ने माथुर से संपर्क किया था। उनकी गाय गौरी गोलाबारी में घायल हो गई थी।
गोलाबारी के दौरान उनके घर की दीवारों पर भी गोलियों के कई निशान पड़े थे। माथुर ने शुरुआत में राजेश को गाय के इलाज और उसकी देखभाल के बारे में सलाह दी, जब तक कि वह पर्याप्त रूप से ठीक नहीं हो गई। इसके बाद उन्होंने गौरी को ‘कृष्णा लिम्ब’ कृत्रिम अंग लगाया, जिससे वह फिर से चलने-फिरने में सक्षम हो गई।
माथुर का दावा है कि उन्होंने असम में एक लाचार घोड़े और उत्तर प्रदेश में एक गाय सहित कई अन्य पशुओं को भी कृत्रिम अंग लगाए हैं। माथुर के अनुसार, कृत्रिम अंग लगाना पुनर्वास प्रक्रिया का केवल एक हिस्सा है। उन्होंने कहा, “हम ‘कृष्णा लिम्ब’ के माध्यम से लाचार पशुओं की तकलीफ कम करने की कोशिश कर रहे हैं।
पशुओं को कृत्रिम अंगों का अभ्यस्त बनाने में उनके मालिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह काम और आगे बढ़ेगा।”
