दिल्ली पुलिस ने हिमांशु भाऊ-विक्की हदल गिरोह से जुड़े दो कथित शार्पशूटर को रोहिणी में एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। वे इस महीने की शुरुआत में बाहरी दिल्ली के बवाना में 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में वांछित थे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आरोपियों की पहचान हर्ष वासने (19) और विपिन उर्फश्याम सुंदर (20) के रूप में हुई, जिन्हें 29 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि दोनों एक और लक्षित हत्या को कथित तौर पर अंजाम देने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में ही रोक लिया गया। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान हर्ष ने कथित तौर पर एक सहायक उप-निरीक्षक पर गोली चला दी।
गोली अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बच गए। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में गोलीबारी की, जिससे स्कूटर फिसल गई और आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि उनके कब्जे से दो अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, छह कारतूस, कारतूस के दो खाली खोखे और चोरी का एक स्कूटर बरामद किया गया।
दोनों पर 18 जुलाई को बाहरी दिल्ली के पूठ खुर्द में जोगिंदर उर्फकाला की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित को दिनदहाड़े छह गोलियां मारी गईं और बाद उसकी मौत हो गई। बवाना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए विदेशी में बैठे गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ और विक्की उर्फ हदल द्वारा भर्ती किया गया था। पुलिस ने दावा किया कि दोनों ने हत्या को अंजाम देने से पहले उसपर नजर रखी थी। पुलिस ने एक डायरी भी बरामद की है, जिसमें लक्ष्य के रूप में चिह्नित दो व्यापारियों के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने दावा किया है कि इन गिरफ्तारियों से एक और साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
