नयी दिल्ली, सात अगस्त पुरानी दिल्ली के खारी बावली बाजार क्षेत्र की एक दुकान से 7.79 लाख रुपये की कथित चोरी के मामले में 40 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी के पास से चोरी की गई 2.32 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की। उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने बताया कि चोरी की यह वारदात 28 जुलाई की रात को हुई थी।
अज्ञात व्यक्ति खारी बावली में एक दुकान की खिड़की तोड़कर कथित तौर पर परिसर में घुसे और तिजौरी से 7.79 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए दुकान का सीसीटीवी डीवीआर भी चुरा लिया था। डीसीपी ने कहा कि टीमों ने आसपास के क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और पता लगाया कि उसने उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में अपने एक रिश्तेदार के घर में शरण ले रखी है तथा उसे दो अगस्त को पकड़ा गया था।
पुलिस ने कहा कि उसके आवास से 2.32 लाख रुपये नकद बरामद किए गए और उसका सहयोगी फरार है और जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।
