जर्मनी की राजधानी बर्लिन में 21 मंजिला एक इमारत में आग लगने से लगभग पांच लोग घायल हो गये। स्थानीय मीडिया की खबर में यह जानकारी दी गई है। जर्मन समाचार एजेंसी ‘डीपीए’ की खबर के अनुसार शुक्रवार सुबह आग पर काबू पा लिया गया।
घायलों की स्थिति के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। खबर के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे ओस्टबानहोफ रेलवे स्टेशन के निकट फ्रेडरिकशाइन इलाके में आग लग गई। इमारत के सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके अनुसार एक व्यक्ति को जान बचाने के लिए दमकल वाहन के ‘एरियल बास्केट’ में कूदना पड़ा। यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि इस व्यक्ति ने कितनी ऊंचाई से छलांग लगाई थी। खबर के अनुसार, तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
डीपीए की खबर के अनुसार आग 11वीं मंजिल पर स्थित एक अपार्टमेंट में लगी और ऊपरी मंजिल पर स्थित अन्य अपार्टमेंट तक फैल गई। आग लगने के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है।
