गुवाहाटी, छह अक्टूबर असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे तक 19.05 लाख मतदाताओं में से 17 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद जरूरी हो गया। बोरदोलोई ने लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है और लोकसभा क्षेत्र में आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों के किसी भी मतदान केंद्र से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
मतदान के शुरुआती दो घंटे में 17.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी देवाशीष शर्मा ने जागीरोड विधानसभा क्षेत्र में मयोंग उच्च माध्यमिक विधालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक शिवमोनी बोरा ने नगांव-बतद्रवा विधानसभा क्षेत्र के माजगांव प्राथमिक स्कूल में बने मतदान केंद्र में मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि एक योग्य उम्मीदवार का चुनाव करना मतदाताओं के हाथ में है। बोरा ने कहा कि हर कोई जानता है कि भाजपा और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ‘एक ही सिक्के के दो पहलू’ हैं, ‘‘लेकिन मुझे विश्वास है कि कांग्रेस इस सीट पर अपनी जीत बरकरार रखेगी।’’
उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला शर्मा, बोरा तथा एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और 624 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल 19.05 लाख मतदाता हैं। मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।
