पारंपरिक संगीत और लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित संस्था ‘अमररस रिकॉर्ड्स’ ने अपने विशेष संगीत पर्यटन कार्यक्रम के 2026-27 सत्र की घोषणा की है, जिसके तहत संगीत प्रेमियों और पर्यटन के शौकीनों को पारंपरिक कलाकारों, वाद्ययंत्र निर्माताओं और स्थानीय समुदायों से रू-ब-रू कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड में ‘हिमालयन बैठक’ और राजस्थान में ‘थार ब्लूज’ के नए संस्करण आयोजित किए जाएंगे। अक्टूबर में आयोजित ‘हिमालयन बैठक’ के बाद अब 19 से 22 नवंबर तक जोधपुर-जैसलमेर राजमार्ग पर स्थित ‘कानेर रिट्रीट’ में ‘थार ब्लूज’ का विशेष संस्करण आयोजित होगा। इसके बाद इसका मुख्य आयोजन अगले साल 30 और 31 जनवरी को जैसलमेर में होगा।
वहीं, ‘हिमालयन बैठक’ के दो आगामी संस्करण 21 से 23 नवंबर और 22 से 24 जनवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। ‘अमररस रिकॉर्ड्स’ की 17 वर्षों की क्षेत्रीय संगीत रिकॉर्डिंग, कलाकारों के साथ सहयोग और सांस्कृतिक दस्तावेजीकरण की यात्रा से विकसित इन संगीत यात्राओं में सजीव प्रस्तुतियों के साथ कार्यशालाएं और स्थानीय समुदायों से संवाद के अवसर भी उपलब्ध होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से उन क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा, जहां भारत का पारंपरिक संगीत आज भी जीवंत है।
‘अमररस रिकॉर्ड्स’ के संस्थापक आशुतोष शर्मा ने एक बयान में कहा, ‘‘ये यात्राएं पिछले 17 वर्षों से किए जा रहे हमारे प्रयासों का ही विस्तार हैं। हमारा मानना है कि संगीत का वास्तविक आनंद उन्हीं गांवों, पहाड़ों और रेगिस्तानों के बीच लिया जा सकता है, जहां से उसकी उत्पत्ति हुई है। जब यात्री कलाकारों के साथ समय बिताते हैं, वाद्ययंत्र निर्माताओं से कुछ सीखते हैं और उनके साथ रोजमर्रा के अनुभव साझा करते हैं, तो वे भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत को कहीं अधिक गहराई से समझ पाते हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कलाओं को जीवित रखने वाले संगीतकारों, कारीगरों और स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के स्थायी अवसर पैदा करना भी है।
भीमताल के पास कलसा नदी के किनारे स्थित ‘सोलिट्यूड बाय द रिवरसाइड’ में आयोजित होने वाली ‘हिमालयन बैठक’ दो रातों का विशेष आयोजन है। इसमें सूफियाना कव्वाली के लिए प्रसिद्ध ‘रहमत-ए-नुसरत’ और कुमाऊं के पारंपरिक लोक संगीत की प्रस्तुति देने वाला समूह ‘हिमाली मऊ’ अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। कार्यक्रम में प्रकृति भ्रमण, पक्षी अवलोकन, कुमाऊंनी संगीतकारों के साथ बांसुरी वादन की कार्यशाला और स्थानीय व्यंजनों से जुड़े पाक-कला सत्र भी शामिल हैं।
वहीं, नवंबर में ‘कानेर रिट्रीट’ में आयोजित होने वाले ‘थार ब्लूज’ में राजस्थानी लोक एवं सूफी संगीत की तिकड़ी ‘बाड़मेर बॉयज’ के सदस्य भूरा खान, मगदा खान और सवाई खान प्रस्तुति देंगे। पच्चीस देशों में 250 से अधिक संगीत कार्यक्रम कर चुका यह समूह गायन के साथ ढोलक, मोरचंग और खड़ताल जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों तथा बीटबॉक्सिंग का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है। तीन रातों के इस आयोजन में प्रसिद्ध मोरचंग निर्माता मोहनलाल लोहार जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्र निर्माताओं से संवाद का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा सवाई खान के नेतृत्व में एक कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। एक अन्य संगीतमय संध्या में दिवंगत पद्मश्री सम्मानित साकर खान के पुत्र घेवर और फिरोज खान कमायचा एवं ढोलक वादन की प्रस्तुति देंगे। संगीत कार्यक्रमों के अलावा इसमें थार के पारंपरिक ‘ओरण’ (पवित्र उपवन) का भ्रमण, मिट्टी के बर्तनों की प्रदर्शनी, क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद और रेगिस्तान की सैर भी शामिल होगी।
जनवरी 2027 में आयोजित होने वाला ‘थार ब्लूज’ का अगला संस्करण यात्रियों को जैसलमेर और हमीरा गांव ले जाएगा, जहां मांगणियार संगीत परंपरा पीढ़ियों से फल-फूल रही है। दो-दिवसीय इस यात्रा की शुरुआत गड़ीसर झील पर सूर्यास्त के समय ‘बाड़मेर बॉयज’ की संगीत प्रस्तुति से होगी। इसके बाद मोरचंग और कमायचा वादन की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
यात्री साकर खान के पैतृक घर भी जाएंगे, जहां उनके पुत्र परिवार की संगीत विरासत से उन्हें परिचित कराएंगे। दुर्लभ होते जा रहे पारंपरिक वाद्ययंत्र कमायचा के निर्माण की कला को संरक्षित करने के प्रयासों के तहत यात्री इसके पारंपरिक निर्माता शंकराराम सुथार से भी मुलाकात करेंगे। वर्ष 2009 में स्थापित ‘अमररस रिकॉर्ड्स’ एक स्वतंत्र संगीत रिकॉर्ड कंपनी, कलाकार प्रबंधन संस्था और सांस्कृतिक उद्यम है।
यह भारत की पारंपरिक संगीत शैलियों के दस्तावेजीकरण और संवर्धन के लिए समर्पित है।
