एम्स-भुवनेश्वर के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग को जलने से होने वाली चोटों के प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चुना गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आघात एवं जलने से होने वाली चोटों की रोकथाम और प्रबंधन कार्यक्रम (एनपीपीएमटीएंडबीआई) के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस संबंध में मंजूरी दी है।
अधिकारियों के अनुसार, विभाग का चयन जलने से संबंधित विशेष उपचार, चिकित्सकीय उत्कृष्टता, चिकित्सा शिक्षा और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उसकी विशेषज्ञता को मान्यता देता है। संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस साल अपनी स्थापना के 10 वर्ष पूरे कर रहे विभाग ने पिछले एक दशक में जलने से घायल 1,500 से अधिक मरीजों का उपचार किया है। इससे उपचार के परिणामों और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिली है।
एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक आशुतोष विश्वास ने कहा कि संस्थान आघात और जलने से संबंधित उपचार सेवाओं को मजबूत करने के केंद्र सरकार के प्रयासों में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, देशभर में गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन और विशेष उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम कुशल स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार करने की दिशा में भी काम करेगा। विभागाध्यक्ष संजय कुमार गिरि ने कहा कि विभाग का बुनियादी ढांचा और चिकित्सकीय अनुभव उसे व्यवस्थित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी विशेषज्ञता साझा करने और कुशल स्वास्थ्य पेशेवरों को तैयार करने में योगदान देने में सक्षम बनाएगा।
एनपीपीएमटीएंडबीआई के तहत केंद्र सरकार ने देशभर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए 196 आघात उपचार केंद्रों और 47 बर्न यूनिट को मंजूरी दी है। राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों से प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्वास्थ्य पेशेवरों को नामित करने को कहा गया है।
