गुजरात के नवसारी में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 3.28 करोड़ रुपये मूल्य का 9.375 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। नवसारी के पुलिस अधीक्षक राहुल पटेल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दो कारों को रोकने के बाद स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने खरेल ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड से विष्णु सिंह, प्रेमचंद यादव, मिकेत पटेल और प्रमोद पाठक को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 9.375 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 3,28,12,500 रुपये आंकी गई है। पटेल ने बताया कि मुख्य आरोपी पाठक विदेशी आपूर्तिकर्ताओं के संपर्क में था और मुंबई, वापी, वडोदरा तथा अन्य शहरों में बिक्री के लिए भारत में हाइब्रिड गांजा मंगाता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के इस गिरोह में शामिल नौ अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें वांछित घोषित किया गया है।
