पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर राजनीति थमती नजर नहीं आ रही है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद सौमित्र खान ने तंज कसा है। सौमित्र खान ने कहा, “उनके अत्याचारों को लेकर जनता के गुस्से का ही यह नतीजा है। अभिषेक बनर्जी को अब अपनी राजनीति सड़कों पर लानी होगी।”
भाजपा ने आरोपों से पल्ला झाड़ा
तृणमूल कांग्रेस द्वारा इस हमले के पीछे भाजपा का हाथ बताए जाने के आरोपों को भी सांसद सौमित्र खान ने पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “यह अभिषेक बनर्जी के पिछले बयानों का ही नतीजा है। इसमें भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।” भाजपा की तरफ से साफ किया गया है कि इस हंगामे से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।
पीड़ितों से मिलने गए थे अभिषेक
यह पूरी घटना तब हुई जब अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में चुनाव के बाद हुई हिंसा के शिकार परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
सुरक्षा घेरे में फटी कमीज
सोनारपुर से सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि उग्र प्रदर्शनकारी टीएमसी नेता पर पत्थर, अंडे और जूते फेंक रहे हैं। इस धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच अभिषेक बनर्जी की शर्ट भी फट गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित घेरे में लिया और इलाके से बाहर निकाला।